भागलपुर | विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद भागलपुर और नवगछिया के बीच नाव से सफर करने वाले यात्रियों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार को महादेवपुर घाट से बरारी घाट जा रही यात्रियों से भरी एक नाव बीच गंगा में खराब हो गई, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
जानकारी के अनुसार, यात्रा के दौरान अचानक नाव का इंजन बंद हो गया। इंजन बंद होते ही नाव गंगा की तेज धारा में बहते हुए इंजीनियरिंग कॉलेज की दिशा में बढ़ने लगी। नाव में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, जिससे लोगों में घबराहट फैल गई।
स्थिति की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर नीलू के नेतृत्व में बचाव अभियान चलाया गया। टीम ने पहले नाव की स्थिति का आकलन किया और फिर यात्रियों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया शुरू की।
रेस्क्यू अभियान के दौरान बीमार महिला और बुजुर्ग यात्रियों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद एसडीआरएफ के जवानों ने सभी यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से रेस्क्यू कर बरारी घाट पहुंचाया।
घटना के बाद खराब नाव को किनारे लाने के लिए दूसरी बड़ी नाव की व्यवस्था की गई। काफी प्रयास के बाद नाव को टोचन कर सुरक्षित घाट तक पहुंचाया गया।
प्रशासन ने इस घटना के बाद नाव संचालन को लेकर सख्ती के संकेत दिए हैं। नई व्यवस्था के तहत यदि किसी नाव का इंजन बीच नदी में खराब होता है और यात्रियों को एसडीआरएफ की मदद से बचाना पड़ता है, तो संबंधित नाव मालिक को निर्धारित भुगतान का केवल आधा हिस्सा ही दिया जाएगा।
