31 C
Kolkata
Tuesday, June 2, 2026

लापता मेघा का शव बरामद, कार्रवाई की मांग को लेकर देर रात तक हंगामा

किशनगंज: सदर थाना क्षेत्र के माझिया स्थित नदी किनारे 13 वर्षीय छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान डुमरिया भट्टा निवासी मेघा कुमारी के रूप में हुई है, जो पिछले तीन दिनों से लापता थी। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने देर रात तक विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए।

परिजनों के अनुसार मेघा 29 मई की शाम घर से टहलने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद परिवार के लोग गुमशुदगी की सूचना देने सदर थाना पहुंचे, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। मृतका की मां पिंकी देवी ने कहा कि पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बजाय बच्ची के जल्द लौट आने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया था।

परिवार के सदस्यों का आरोप है कि उन्हें कई बार थाने का चक्कर लगाना पड़ा। इस दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल फोन की जांच की, लेकिन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। बाद में पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने के बाद आवेदन स्वीकार किया गया।

सोमवार दोपहर स्थानीय लोगों ने माझिया नदी किनारे एक शव देखे जाने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मेघा कुमारी के रूप में की। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल परिसर तथा सड़क पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। हालात को नियंत्रित करने के लिए प्रशासनिक अधिकारी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे।

परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच, 24 घंटे के भीतर पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा कथित लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों की जांच तेज कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

नवीनतम लेख