31 C
Kolkata
Tuesday, June 2, 2026

रांची पुलिस का व्यापक चेकिंग अभियान, 15 से अधिक स्थानों पर हुई सघन जांच

रांची | राजधानी में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने सोमवार देर रात व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। शहर के 15 से अधिक प्रमुख और संवेदनशील स्थानों पर एक साथ चलाए गए इस अभियान के दौरान वाहनों, संदिग्ध व्यक्तियों और सार्वजनिक स्थलों की गहन जांच की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस ने संयुक्त रूप से यह विशेष अभियान संचालित किया।

अभियान के तहत सुजाता चौक, न्यू मार्केट चौक, खेलगांव, शहीद मैदान, चांदनी चौक और बिरसा चौक समेत कई स्थानों पर वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई। वहीं संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान भी सत्यापित की गई।

इसके साथ ही यातायात पुलिस ने भी शहर के प्रमुख मार्गों पर ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि अपराध रोकथाम, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन नंबर 112 पर देने की अपील की।

Related Articles

नवीनतम लेख