पश्चिमी सिंहभूम| झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से अंधविश्वास की एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के खंडखोरी गांव में डायन होने के शक में 47 वर्षीय महिला शुरू गोप की धारदार हथियार से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में भय व तनाव का माहौल है। हालांकि पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पुडुवा सिंकू उर्फ चौके को गिरफ्तार कर लिया है।
वारदात के वक्त पीड़ित महिला घर में अपने छोटे बच्चों के साथ अकेली थी, जबकि उसके पति देवेंद्र गोप और परिवार के अन्य सदस्य ओडिशा के एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। मृतका के बच्चों ने पुलिस को आपबीती बताते हुए कहा कि रविवार रात गांव का ही रहने वाला पुडुवा सिंकू उनके घर आया और हड़िया पिलाने के बहाने उनकी मां को अपने साथ ले गया। इसके कुछ समय बाद बच्चों को अपनी मां की चीख सुनाई दी, लेकिन डर के मारे वे घर के अंदर ही दुबक कर छिपे रहे। रात में जब परिजन लौटे तो महिला गायब थी और काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। सोमवार की सुबह जब मृतका का बेटा दातुन तोड़ने के लिए जंगल की तरफ गया, तब वहां झाड़ियों में मां का लथपथ शव देखकर उसके होश उड़ गए।
परिजनों की सूचना पर कुमारडुंगी थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। पुलिस ने ग्रामीणों से मिली शुरुआती जानकारी के आधार पर संदेही पुडुवा सिंकू को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ के बाद अपना जुर्म कबूल कर लिया। मृतका के परिवार का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से शुरू गोप पर डायन होने का शक करता था और उसका मानना था कि उसके बच्चों की बीमारी के पीछे इसी महिला का हाथ है। कुमारडुंगी थाना प्रभारी विनोद पासवान ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है और पुलिस मामले के हर कानूनी और सामाजिक पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
