34 C
Kolkata
Sunday, May 31, 2026

हिमाचल के चंबा में गहरी खाई में गिरी कार, छत्तीसगढ़ के 7 पर्यटकों समेत 8 लोगों की मौत की आशंका

शिमला । हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के चुराह उपमंडल में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ छत्तीसगढ़ के दो परिवारों के सात सदस्यों समेत आठ लोगों की मौत की आशंका है। यह भीषण दुर्घटना बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर 29 मई की आधी रात को उस समय हुई, जब पर्यटकों को लेकर जा रही एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस और प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे व्यापक खोज अभियान के बीच अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि खाई की गहराई और वाहन की स्थिति को देखते हुए कार में सवार किसी भी व्यक्ति के जीवित बचने की संभावना न के बराबर है।

होटल वापस नहीं लौटने पर शुरू हुई तलाश, दुर्गम इलाके में मिला मलबा

पुलिस प्रशासन के अनुसार, छत्तीसगढ़ से आए ये पर्यटक चंबा के डलहौजी स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे और 29 मई को साइट सीन (घूमने) के लिए साच पास की ओर निकले थे। जब वे देर रात तक होटल वापस नहीं लौटे और परिजनों का उनसे संपर्क टूट गया, तब होटल प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने जब तकनीकी निगरानी और स्थानीय इनपुट्स के आधार पर तलाश शुरू की, तो पता चला कि पर्यटकों की अर्टिगा कार (एचपी-01सी-2133) गहरी खाई में गिरकर पूरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी है। हादसा स्थल बेहद दुर्गम और पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण बचाव दलों को वहाँ पहुँचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

दो परिवारों के सात सदस्य और स्थानीय ड्राइवर थे सवार

मारे गए लोगों की पहचान छत्तीसगढ़ निवासी अरविंद, उनकी पत्नी प्राची, उनके दो बेटों दर्श व अपशद के रूप में हुई है। इनके साथ दूसरे परिवार के पी. जी. कार्तिगहेयन, उनकी पत्नी मणिमाला, उनका बेटा नंदन और स्थानीय वाहन चालक विश्वास (निवासी डलहौजी, चंबा) भी कार में सवार थे। चंबा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय सकलानी ने रविवार को बताया कि हादसे की भयावहता को देखते हुए वे स्वयं राहत एवं खोज दल के साथ मौके के लिए रवाना हुए हैं। वाहन के परखच्चे उड़ चुके हैं और शवों को खाई से बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

चंबा में इसी महीने पर्यटकों के साथ यह दूसरी बड़ी त्रासदी

गौरतलब है कि चंबा जिले में पर्यटकों के साथ इसी महीने घटित होने वाली यह दूसरी बड़ी और दर्दनाक सड़क दुर्घटना है। इससे पहले आगामी 10 मई की रात को भी जिले के भटियात उपमंडल के ककीरा-लाहड़ू मार्ग पर एक बड़ा हादसा हुआ था। उस समय मनाली से डलहौजी जा रही गुजरात के पर्यटकों से भरी एक इनोवा गाड़ी भारी बारिश के बीच अनियंत्रित होकर कई फीट नीचे खाई में गिर गई थी, जिसमें गुजरात के छह पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई थी और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

Related Articles

नवीनतम लेख