रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने एक बड़ा ऐलान करते हुए भारतीय युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी को झारखंड स्वास्थ्य विभाग का नया ब्रांड एंबेसडर (Brand Ambassador) बनाने की घोषणा की है। शनिवार को मंत्री कार्यालय से जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से इस फैसले की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य मंत्री ने न केवल वैभव को इस नई जिम्मेदारी के लिए चुना, बल्कि उनके शानदार खेल और प्रतिभा के लिए उन्हें सम्मानित करने की बात भी कही।
युवाओं को फिटनेस और अनुशासित जीवनशैली के प्रति करेंगे जागरूक स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग अब युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के साथ मिलकर राज्य के युवाओं के बीच स्वास्थ्य, शारीरिक फिटनेस (Fitness), खेल अनुशासन और एक सकारात्मक जीवनशैली के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने का काम करेगा। उन्होंने पूर्ण विश्वास जताया कि वैभव भविष्य में न केवल भारतीय क्रिकेट जगत में अपना परचम लहराएंगे, बल्कि स्वास्थ्य विभाग के अभियानों को भी एक नई ऊंचाई पर ले जाएंगे, जिससे देश और राज्य को उन पर लंबे समय तक गर्व होगा।
कम उम्र में बिखेरा जलवा, मैच हारे पर करोड़ों भारतीयों का जीता दिल वैभव की तारीफ करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बेहद कम उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और असाधारण खेल प्रतिभा के दम पर वैभव ने पूरे देश को अपनी ओर आकर्षित किया है। उनका झारखंड स्वास्थ्य विभाग का चेहरा बनना पूरे राज्यवासियों के लिए बेहद गौरव की बात है। डॉ. अंसारी ने भावुक होते हुए कहा कि भले ही हालिया मुकाबले में उनकी टीम मैच जीतने में सफल नहीं हो सकी, लेकिन अपनी शानदार खेल भावना और बल्लेबाजी से वैभव ने करोड़ों भारतीयों का दिल बखूबी जीत लिया है।
