28 C
Kolkata
Saturday, May 30, 2026

Agra: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप ने पति के साथ किया ताजमहल का दीदार, खूबसूरती देख हुईं गदगद

आगरा: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल के साथ शनिवार को उत्तर प्रदेश के आगरा पहुंचीं। इस खास दौरे पर उन्होंने दुनिया के सात अजूबों में शुमार और मोहब्बत की मिसाल कहे जाने वाले ऐतिहासिक ताजमहल का दीदार किया। टिफनी के इस वीवीआईपी (VVIP) दौरे पर भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी उनके साथ मौजूद रहे और सभी ने मिलकर संगमरमरी हुस्न की खूबसूरती को करीब से निहारा।

शेड्यूल में हुआ अचानक बदलाव, सुहावने मौसम का उठाया लुत्फ टिफनी ट्रंप अपने बिजनेसमैन पति माइकल के साथ शनिवार सुबह करीब 11:15 बजे आगरा के सिविल एयरपोर्ट पहुंचीं। वहां से वे सीधे ताजगंज इलाके के एक फाइव स्टार होटल गईं और कुछ देर आराम करने के बाद शिल्पग्राम पहुंचीं। दरअसल, टिफनी का ताजमहल देखने का कार्यक्रम शनिवार शाम को तय था, लेकिन आगरा में आज मौसम सुहावना होने और गर्मी कम होने की वजह से उन्होंने दोपहर की तेज धूप से पहले ही करीब 12 बजे ताज परिसर में एंट्री ले ली।

डायना बेंच पर खिंचवाईं तस्वीरें, कैमरे में कैद किए यादगार पल शिल्पग्राम से गोल्फ कार्ट के जरिए ताजमहल के पूर्वी गेट पर पहुंचने के बाद टिफनी और उनके पति पैदल ही मुख्य परिसर में दाखिल हुए। मुख्य मकबरे को देखकर दोनों काफी प्रभावित और गदगद नजर आए। इस दौरान दोनों ने ताजमहल के सामने स्थित मशहूर ‘डायना बेंच’ पर बैठकर कई खूबसूरत तस्वीरें खिंचवाईं और इस यादगार पल को अपने कैमरों में कैद किया। करीब 35 मिनट तक ताज का दीदार करने के बाद वे वापस होटल के लिए रवाना हो गईं। अमेरिकी राष्ट्रपति का परिवार होने के नाते सुरक्षा के बेहद कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

6 साल पहले पूरा ट्रंप परिवार आया था आगरा ताजमहल में तैनात भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के वरिष्ठ सर्वेक्षण सहायक कलंदर विज ने इस दौरे पर जानकारी देते हुए बताया कि करीब छह साल पहले साल 2020 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप, बड़ी बेटी इवांका ट्रंप और दामाद जेरेड कुशनर के साथ आगरा आए थे। उस वक्त पूरे ट्रंप परिवार ने ताज का दीदार कर तस्वीरें खिंचवाई थीं। अब करीब छह साल बाद ट्रंप परिवार की दूसरी बेटी टिफनी ट्रंप भी भारत दौरे पर ताज की खूबसूरती को निहारने पहुंची हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख