सीवान | रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट सीवान की ‘क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वाड’ (CPDS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेल संपत्ति चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रेलवे की कीमती सामग्री भी बरामद की है। यह पूरी कार्रवाई सीवान के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के कुशल निर्देशन में अमल में लाई गई।
पूर्वी यार्ड के पास बोरे में सामान ले जाते दबोचा
जानकारी के अनुसार, बुधवार को आरपीएफ के उप निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक शैलेंद्र कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल विनोद कुमार वर्मा और अमरेंद्र कुमार सिंह क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान सीवान पूर्वी यार्ड में डाउन लाइन (किलोमीटर संख्या एसवी1004/एसवी 1006) के पास एक युवक प्लास्टिक के बोरे में भारी सामान लेकर संदिग्ध अवस्था में जाता हुआ दिखाई दिया। संदेह होने पर टीम ने उसे रोककर तलाशी ली।
रेलवे की क्लिप और लोहे की प्लेट बरामद
जब प्लास्टिक के बोरे को खोलकर जांच की गई, तो उसके अंदर से दो अदद ईआरसी पैंडराल क्लिप और रेलवे का एक लोहे का प्लेट (जिस पर कर्व नंबर 51/ए अंकित था) बरामद हुआ। जब आरपीएफ टीम ने इन सामानों से संबंधित वैध कागजात मांगे, तो आरोपी कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका और न ही कोई संतोषजनक जवाब दे पाया।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सीवान नगर थाना क्षेत्र के शेख मोहल्ला निवासी मोहम्मद रुस्तम (पिता- मोहम्मद इसराइल) के रूप में हुई है। आरपीएफ ने आरोपी को रेल संपत्ति अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया है। जब्त की गई रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 550 रुपये बताई गई है। इस मामले में आरपीएफ पोस्ट सीवान में मुकदमा अपराध संख्या 05/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
