35 C
Kolkata
Monday, May 25, 2026

बकरीद को लेकर खूंटी पुलिस अलर्ट, कचहरी मैदान में हुआ मॉक ड्रिल

खूंटी । मुस्लिम समुदाय के त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए खूंटी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में सोमवार को कचहरी मैदान में पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस जवानों को किसी भी आपात स्थिति, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया। अभ्यास के दौरान अश्रु गैस के गोले छोड़ने, लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित करने तथा तनावपूर्ण हालात में त्वरित कार्रवाई करने का रिहर्सल किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने जवानों को यह भी बताया कि त्योहारों के दौरान यदि किसी स्थान पर तनाव या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होती है, तो उससे प्रभावी ढंग से कैसे निपटा जाए।

इस मौके पर जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऋषभ गर्ग ने कहा कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क और तैयार रखना है, ताकि किसी भी परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बताया कि खूंटी शहरी क्षेत्र सहित जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

एसपी ने बताया कि प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा बाइक पेट्रोलिंग टीम लगातार इलाके में गश्त करेगी और पुलिस कंट्रोल रूम से सभी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ बकरीद मनाने की अपील की। साथ ही कहा कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम नंबर-9471771101 पर तुरंत दी जा सकती है।

Related Articles

नवीनतम लेख