चेन्नई । इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में सोमवार रात खेले गए एक बेहद रोमांचक मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को उनके ही घर में मात दे दी। हैदराबाद की इस शानदार जीत के हीरो रहे स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन। चेन्नई की टर्निंग और धीमी पिच पर ईशान ने 47 गेंदों में 70 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। मैच के बाद ईशान ने अपनी रणनीति का खुलासा करते हुए कहा कि चेपॉक की पिच पर बल्लेबाजी करना बिल्कुल आसान नहीं था, इसलिए उन्होंने अंत तक टिकने का फैसला किया था।
“कीपिंग के वक्त ही समझ गया था कि पिच पर भूत है”
ईशान किशन ने बताया कि नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने उतरने से पहले जब वह विकेटकीपिंग कर रहे थे, तभी उन्हें पिच के मिजाज का अंदाजा हो गया था। ईशान ने कहा “जब मैं पहली पारी में कीपिंग कर रहा था, तभी मुझे लग गया था कि 180 रनों के लक्ष्य का पीछा करना टेढ़ी खीर होने वाला है। खासकर जब स्पिनर्स गेंदबाजी कर रहे थे और स्लोअर गेंदें आ रही थीं, तब गेंद काफी रुक कर आ रही थी। ऐसे में नंबर-3 बल्लेबाज होने के नाते मेरी जिम्मेदारी थी कि मैं एक छोर संभाल कर रखूं और मैच खत्म करके ही लौटूं।”
ईशान तीसरे ओवर में ही क्रीज पर आ गए थे और वह लगभग मैच जिताकर ही लौटे। जब हैदराबाद को जीत के लिए सिर्फ 6 रनों की दरकार थी, तब वह आउट हुए, लेकिन तब तक वह टीम की जीत सुनिश्चित कर चुके थे।
खुद पर भरोसा और खेल को आसान रखना आया काम
अपनी पारी के बारे में बात करते हुए ईशान ने कहा कि टी20 क्रिकेट में कई बार परिस्थितियां आपके पक्ष में नहीं होतीं, लेकिन ऐसे में खुद पर शक नहीं करना चाहिए। उन्होंने सिर्फ चीजों को सिंपल रखा और ज्यादा से ज्यादा ओवर खेलने पर ध्यान दिया। ईशान ने यह भी जोड़ा कि बाएं हाथ का बल्लेबाज (Left-hander) होने के कारण गेंदबाजों के लिए उनके खिलाफ लगातार एक ही लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करना मुश्किल हो रहा था, जिसका उन्होंने फायदा उठाया।
क्लासेन के साथ वो साझेदारी, जिसने चेन्नई से छीना मैच
सनराइजर्स हैदराबाद ने एक समय 56 रन पर अपने 2 विकेट गंवा दिए थे और जरूरी रन रेट 10 के पार जा चुका था। ऐसे मुश्किल वक्त में ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन की जोड़ी ने काउंटर-अटैक करते हुए मैच का रुख ही पलट दिया।
