35.3 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेऑफ में धमाकेदार एंट्री, चेन्नई को उनके ही गढ़ में 5 विकेट से रौंदा

चेन्नई । इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में सोमवार रात सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने इतिहास रचते हुए प्लेऑफ (Playoffs) का टिकट कटा लिया है। चेपॉक स्टेडियम में खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में हैदराबाद ने धाकड़ प्रदर्शन करते हुए गत चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 5 विकेट से धूल चटा दी। पैट कमिंस की कप्तानी वाली हैदराबाद ने संतुलित खेल दिखाते हुए चेन्नई के 181 रनों के लक्ष्य को 19 ओवरों में ही हासिल कर लिया। इस हार के बाद अब चेन्नई के लिए अंतिम-4 की राह बेहद कांटों भरी हो गई है।

चेन्नई की सधी हुई शुरुआत, ब्रेविस और कार्तिक चमके
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 180 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया था। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने महज 13 गेंदों पर 27 रन ठोककर टीम को तूफानी शुरुआत दी। उनके जोड़ीदार कार्तिक शर्मा ने भी हाथ खोलते हुए 19 गेंदों पर 32 रनों की तेज पारी खेली।

मध्यक्रम में डेवाल्ड ब्रेविस ने जिम्मेदारी संभालते हुए 27 गेंदों में सबसे ज्यादा 44 रन बनाए, जबकि ऑलराउंडर शिवम दुबे ने 26 रनों का उपयोगी योगदान दिया। इन दोनों ने पांचवें विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

पैट कमिंस की घातक गेंदबाजी, झटके 3 विकेट
हैदराबाद के गेंदबाजों ने आखिरी के ओवरों में चेन्नई के बल्लेबाजों पर शिकंजा कसे रखा। कप्तान पैट कमिंस सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने अपने 4 ओवर के कोटे में सिर्फ 28 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। इसके अलावा साकिब हुसैन ने 2 विकेट अपने नाम किए, जबकि ईशान मलिंगा और प्रफुल हिंगे को 1-1 सफलता हाथ लगी।

ईशान किशन का ‘विराट’ शो, क्लासेन ने भी धोया
181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने शुरुआत से ही रन गति को काबू में रखा। हालांकि, टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवाए, लेकिन नंबर-3 पर आए विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने मैच का पासा पलट दिया। ईशान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में सर्वाधिक 70 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली।

दूसरे छोर पर उनका बखूबी साथ निभाया हेनरिक क्लासेन ने, जिन्होंने चेन्नई के स्पिनर्स को रिमांड पर लेते हुए 47 रन कूटे। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने भी शुरुआत में 26 रनों का योगदान दिया। हैदराबाद ने एक ओवर शेष रहते यानी 19वें ओवर में ही 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

गुजरात के बाद हैदराबाद बनी प्लेऑफ में पहुंचने वाली दूसरी टीम
इस धमाकेदार जीत के साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद टूर्नामेंट के प्लेऑफ में जगह पक्की करने वाली गुजरात टाइटंस के बाद दूसरी टीम बन गई है। हैदराबाद और गुजरात के क्वालिफिकेशन के बाद अब अंक तालिका (Points Table) में बाकी बचे 2 स्थानों के लिए अन्य टीमों के बीच जंग और भी ज्यादा रोमांचक हो गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख