रांची । झारखंड के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान रिम्स (RIMS) से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ एमबीबीएस द्वितीय वर्ष (MBBS 2nd Year) के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली है। छात्र का शव रिम्स के हॉस्टल नंबर 8 स्थित उसके कमरे से बरामद किया गया है। मृतक छात्र की पहचान अक्षित कुजूर के रूप में हुई है, जो झारखंड के ही सिमडेगा जिले का रहने वाला था।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को खाना खाने के बाद अक्षित अपने कमरे में सोने के लिए चला गया था। शनिवार की सुबह जब उसके कुछ दोस्त उसे बुलाने के लिए उसके कमरे पर पहुंचे, तो उन्होंने अक्षित को मृत अवस्था में पाया। दोस्त आनन-फानन में अक्षित को इलाज के लिए रिम्स के ही ट्रामा सेंटर ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उसे बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बरियातू पुलिस कर रही है मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई है। बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि छात्र की आत्महत्या की जानकारी मिली है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने घटना की सूचना छात्र के परिजनों को दे दी है। फिलहाल अक्षित के शव को रिम्स के मॉर्चरी (शवगृह) में रखा गया है और परिजनों के आने के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।
सुसाइड की वजहों का अभी खुलासा नहीं
एमबीबीएस के एक होनहार छात्र ने इतना आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इस बात का खुलासा अभी नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार, अभी छात्र के कमरे की विस्तृत तलाशी नहीं ली गई है। परिजनों की मौजूदगी में कमरे की जांच की जाएगी और यदि वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद होता है, तो ही आत्महत्या के असली कारणों का पता चल सकेगा। इस दुखद घटना के बाद से रिम्स परिसर और साथी छात्रों के बीच शोक का माहौल है।

