दुमका । जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधियों और जिले के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पेट्रोल पंपों पर बढ़ती भीड़, उपभोक्ताओं द्वारा अतिरिक्त ईंधन की खरीदारी और जिले में ईंधन आपूर्ति की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने स्थिति साफ करते हुए कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है, इसलिए आम लोग किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। उपायुक्त ने भी जनता से अपील की है कि वे सामान्य दिनों की तरह जरूरत के हिसाब से ही ईंधन खरीदें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।
कालाबाजारी पर लगेगा कड़ा अंकुश
उपायुक्त ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त हिदायत दी है कि किसी भी परिस्थिति में ईंधन की कालाबाजारी नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही निर्धारित दर से अधिक कीमत पर पेट्रोल-डीजल बेचने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत का ईंधन लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
नियमित निगरानी के लिए बनेगी टीम
तेल कंपनियों के अधिकारियों ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि जिले में ईंधन की सप्लाई चेन पूरी तरह सुरक्षित है और नियमित रूप से आपूर्ति जारी है। इसके बावजूद, किसी भी तरह की कृत्रिम कमी या जमाखोरी को रोकने के लिए उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की जाए। इस बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के कई अधिकारी और संचालक मौजूद थे।

