धनबाद । कोयलांचल के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाकुर कुल्ही में सोमवार तड़के हुए एक संदिग्ध बम विस्फोट से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना में शिवकुमार उर्फ टिंकू नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। धमाका इतना जोरदार था कि युवक के दोनों हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
खून से लथपथ पड़ोसियों के पास पहुँचा युवक
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 3:00 बजे एक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। कुछ ही देर बाद टिंकू लहूलुहान हालत में अपने पड़ोसियों के दरवाजे पर पहुँचा और मदद की गुहार लगाई। उसे तुरंत शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में देर रात एक अज्ञात व्यक्ति को टिंकू के साथ उसके घर में प्रवेश करते देखा गया है। फुटेज में वह संदिग्ध व्यक्ति अकेले घर से बाहर निकलता दिख रहा है, जिसके ठीक पांच मिनट बाद धमाका हुआ और घायल टिंकू घर से बाहर निकला। धनबाद थाना प्रभारी मनोज पांडे ने बताया कि घायल शिवकुमार उर्फ टिंकू का पुराना अपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ धनसार थाने में चोरी और गृहभेदन के कई मामले दर्ज हैं। वह इस इलाके में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने पुष्टि की है कि यह बमबाजी की घटना है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बम बाहर से फेंका गया था या घर के भीतर ही बम बनाने या उसे रखने के दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार संदिग्ध व्यक्ति की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।

