चंडीपुर (पूर्व मेदिनीपुर) । पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की सनसनीखेज हत्या के बाद उनके पैतृक गांव में मातम और भारी तनाव का माहौल है। बुधवार रात मध्यमग्राम में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय निवासियों और पड़ोसियों ने इसे ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ करार दिया है।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात, न्याय की मांग
चंद्रनाथ के पैतृक आवास पर सुबह से ही सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। परिजनों से मिलने पहुंचे भाजपा सांसद दिव्येंदु अधिकारी ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वे टीवी पर हत्या की खबर देखकर स्तब्ध रह गए और यदि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात मध्यमग्राम के दोहाड़िया इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने चंद्रनाथ रथ की कार को घेरकर अंधाधुंध फायरिंग की। चंद्रनाथ रथ को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनके साथ मौजूद बुद्धदेव बेरा गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज कोलकाता के ईएम बाइपास स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज
घटना के बाद राज्य पुलिस महानिदेशक (DGP) सिद्धीनाथ गुप्ता ने देर रात मौका-ए-वारदात का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। मृतक की पत्नी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की पहचान कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
शुभेंदु अधिकारी की प्रतिक्रिया
नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने इस घटना के पीछे राजनीतिक मंशा होने की आशंका जताई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि वे जांच पूरी होने का इंतजार करेंगे। साथ ही, उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने और कानून को हाथ में न लेने की अपील की है।

