31 C
Kolkata
Thursday, May 7, 2026

IPL 2026: सनराइजर्स हैदराबाद की ‘विराट’ जीत, पंजाब को 33 रन से रौंदकर पॉइंट्स टेबल के शिखर पर पहुंची

हैदराबाद । आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का विजय रथ पूरी रफ्तार से दौड़ रहा है। बुधवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में हैदराबाद ने पंजाब किंग्स को 33 रनों से हराकर न केवल मैच जीता, बल्कि पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 का स्थान भी हासिल कर लिया। दूसरी ओर, पंजाब को लगातार तीसरी हार झेलनी पड़ी और वह शीर्ष स्थान से खिसककर दूसरे नंबर पर आ गई है।

हैदराबाद का पावर-पैक प्रदर्शन: स्कोरबोर्ड पर टांगे 235 रन
पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन हैदराबाद के बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया। अभिषेक शर्मा (35) और ट्रैविस हेड (38) ने टीम को ठोस नींव दी। हेनरिक क्लासन ने 43 गेंदों पर 69 रनों की आतिशी पारी खेली, वहीं ईशान किशन ने महज 32 गेंदों पर 55 रन कूट डाले। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 88 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई, जिसकी बदौलत हैदराबाद ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 235 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

पंजाब का संघर्ष: कूपर कोनोली का शतक गया बेकार
236 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत खराब रही। पंजाब के लिए कूपर कोनोली ने अकेले दम पर संघर्ष किया। उन्होंने मात्र 59 गेंदों पर नाबाद 107 रनों की शतकीय पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। मार्कस स्टोयनिस (28) और सूर्यांश शेडगे (25) ने कोशिश जरूर की, लेकिन रन रेट का दबाव बढ़ता गया और टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 202 रन ही बना सकी।

गेंदबाजी में चमके कमिंस और शिवांग
हैदराबाद की जीत में गेंदबाजों की भी अहम भूमिका रही। कप्तान पैट कमिंस और शिवांग कुमार ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट झटके और पंजाब के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। इस धमाकेदार जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद अब टूर्नामेंट की सबसे प्रबल दावेदार बनकर उभरी है।

Related Articles

नवीनतम लेख