32 C
Kolkata
Wednesday, May 6, 2026

वित्तीय विवरणों के गहन विश्लेषण करके ही करें निवेश : सीए अरुल

रांची । द इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) के सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल (सीआईआरसी) तत्वावधान में रांची के आईसीएआई भवन में मंगलवार को इन्वेस्टिंग इन इंडिया एंड फाइनेंसियल स्टेटमेंट एनालिसिस विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मेजबानी आईसीएआई, रांची शाखा ने की।

सेमिनार में काफी संख्या में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने भाग लिया। सेमिनार के प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए इंस्टिट्यूट के सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के सचिव और भीलवाड़ा राजस्थान के सीए निर्भिक गांधी शामिल हुए। चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था को देखते हुए निवेश के लिए यह एक सुनहरा अवसर है।

उन्होंने विभिन्न सेक्टर्स जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग और डिजिटल इकोनॉमी में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निवेशकों को दीर्घकालिक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी और बाजार के उतार-चढ़ाव से घबराने के बजाय रणनीतिक निवेश पर बल दिया। साथ ही, उन्होंने सरकार की नीतियों और सुधारों के सकारात्मक प्रभाव को भी रेखांकित किया। साथ ही उन्होंने संतुलित पोर्टफोलियो निर्माण के महत्व को समझाया।

निवेश निर्णय लेने से पूर्व कंपनी के फंडामेंटल्स का करें मूल्यांकन

दूसरे सत्र को सम्बोधित करते हुए विशेषज्ञ सीए अरुल सोनी ने वित्तीय विवरणों की समझ, मूलभूत विश्लेषण के माध्यम से निवेशकों के लिए मार्गदर्शिका विषय पर बोलते हुए वित्तीय विवरणों के गहन विश्लेषण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बैलेंस शीट, प्रॉफिट एंड लॉस अकाउंट और कैश फ्लो स्टेटमेंट को समझने के व्यावहारिक तरीके बताए। उन्होंने निवेश निर्णय लेने से पूर्व कंपनी के फंडामेंटल्स का मूल्यांकन करने पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने प्रमुख वित्तीय अनुपात के माध्यम से कंपनी की वित्तीय स्थिति का आकलन करने के तरीके समझाए। उन्होंने निवेशकों को सतर्क रहकर सूचित निर्णय लेने की सलाह दी।

सेमिनार को सेंट्रल इंडिया रीजनल कौंसिल के सदस्य सीए जयेन्द्र कुमार तिवारी ने भी सम्बोधित किया।

इंस्टिट्यूट के रांची शाखा के अध्यक्ष सीए अनिश जैन ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के सेमिनार पेशेवरों के ज्ञानवर्धन में अत्यंत सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में निवेश और वित्तीय विश्लेषण की समझ प्रत्येक प्रोफेशनल के लिए आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित चार्टर्ड एकाउंटेंट्स को सीखने और उसे व्यवहार में लागू करने के लिए प्रेरित किया।

सेमिनार में इंस्टिट्यूट के रांची शाखा के सचिव सीए दिलीप कुमार ने सभी वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन सीए अस्मिता ने किया।

सेमिनार के आयोजन में रांची शाखा के उपाध्यक्ष सीए विवेक खोवाल, कोषाध्यक्ष सीए हरेन्दर भारती, सीपीइ कमिटी के अध्यक्ष सीए भुवनेश ठाकुर, कार्यकारिणी सदस्य सीए निशांत मोदी और निवर्तमान अध्यक्ष सीए अभिषेक केडिया का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Related Articles

नवीनतम लेख