33 C
Kolkata
Monday, May 4, 2026

अयोध्या से दर्शन कर लौट रहे परिवार की टवेरा ट्रक में घुसी, 6 की मौत

उरई । उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर कालपी कोतवाली क्षेत्र के पास एक तेज रफ्तार टवेरा कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

100 की रफ्तार और ड्राइवर को झपकी बनी काल
जानकारी के अनुसार, ललितपुर जिले के महरौनी निवासी शशिकांत तिवारी (49) अपने परिवार के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। सुबह करीब 6 बजे कालपी के ’84 गुंबद’ के पास चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। 100 किमी/घंटा की रफ्तार से दौड़ रही कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा धंसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाले गए शव
हादसे के बाद कार एक लोहे के मलबे में तब्दील हो गई थी। स्थानीय लोगों और पुलिस ने कार के दरवाजे काटकर घायलों और शवों को बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान: शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत नायक, दीपक तिवारी, हरिमोहन तिवारी, भूषण तिवारी और अंशुल तिवारी (सभी निवासी महरौनी, ललितपुर)।
घायल स्वामी प्रसाद तिवारी, मनोज भोंडले और देशराज सहित 4 लोगों का राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में उपचार चल रहा है।

अधिकारियों ने लिया जायजा
हादसे की खबर मिलते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और एसपी विनय कुमार सिंह अस्पताल पहुंचे और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। एसपी विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद आना लग रहा है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

नवीनतम लेख