मेदिनीनगर (पलामू) । देशभर में आयोजित नीट यूजी 2026 (NEET UG) परीक्षा के दौरान झारखंड के पलामू जिले से एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। रविवार को मेदिनीनगर के योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर दर्जनों छात्रों को प्रश्न पत्र ही नहीं मिले, जिसके बाद केंद्र पर जमकर हंगामा हुआ।
क्या है पूरा मामला?
दोपहर 2 बजे परीक्षा शुरू होने के बाद, योध सिंह नामधारी महिला कॉलेज केंद्र पर लगभग 48 से 50 छात्रों को प्रश्न पत्र नहीं दिए गए। छात्र करीब एक घंटे तक अपनी सीटों पर बैठकर इंतजार करते रहे। जब काफी देर तक भी पेपर नहीं मिला, तो छात्रों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने केंद्र पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
छात्रों का आरोप है कि केंद्राधीक्षक ने पहले उन्हें ‘फोटोस्टेट’ (फोटोकॉपी) प्रश्न पत्र देने का आश्वासन दिया, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी उन्हें कुछ नहीं मिला।
प्रशासनिक अमले में मचा हड़कंप
हंगामे की सूचना मिलते ही सदर एसडीओ सुलोचना मीणा, डीएसपी राजीव रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित छात्रों और अभिभावकों को समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र परीक्षा के आयोजन में हुई इस बड़ी चूक से खासे नाराज दिखे।
तैयारियों के दावों की खुली पोल
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ही जिला उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने समाहरणालय में बैठक कर कदाचारमुक्त और व्यवस्थित परीक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने का दावा किया था। लेकिन 360 छात्रों वाले इस केंद्र पर 50 छात्रों के लिए प्रश्न पत्र कम पड़ जाना प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अधिकारियों का पक्ष:
प्रशासनिक अधिकारी फिलहाल इस विषय पर कुछ भी स्पष्ट बोलने से बच रहे हैं। जांच की जा रही है कि प्रश्न पत्र की संख्या में यह चूक किस स्तर पर हुई—क्या यह बैंक से पेपर लाने में देरी थी या नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से ही पैकेट कम भेजे गए थे।

