पटना | बिहार की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जारी सस्पेंस के बीच शनिवार को बड़ी हलचल देखने को मिली। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जनता दल (यूनाइटेड) के शीर्ष नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके पटना स्थित 7, सर्कुलर रोड आवास पर मुलाकात की। करीब 30 मिनट तक चली इस बैठक के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार अब अंतिम चरण में है।
बैठक में उपमुख्यमंत्री भी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी उपस्थित रहे। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसे एक ‘शिष्टाचार भेंट’ बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सत्ता के दोनों शीर्ष नेताओं के बीच मंत्रियों के नाम और विभागों के बंटवारे को लेकर गंभीर चर्चा हुई है।
15 दिनों से विस्तार का इंतजार
बिहार में नई सरकार के गठन को दो सप्ताह से अधिक का समय हो चुका है, लेकिन अब तक कैबिनेट का पूर्ण विस्तार नहीं हुआ है। फिलहाल अधिकांश विभागों की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के पास ही है। कैबिनेट विस्तार में हो रही देरी का मुख्य कारण सहयोगियों के बीच विभागों के सामंजस्य और सत्ता संतुलन को माना जा रहा है।
दिल्ली में मनेगा फाइनल ब्लूप्रिंट!
सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार से चर्चा के बाद अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जल्द ही दिल्ली का रुख कर सकते हैं। वहाँ भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ मंत्रियों की अंतिम सूची पर मुहर लग सकती है। गौरतलब है कि शुक्रवार को ही जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने दिल्ली में भाजपा नेतृत्व से मुलाकात की थी, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि अगले कुछ दिनों में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।

