पलामू । जिले के पाटन थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुडुवा-किशुनपुर के बीच एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल पलटने से 24 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
शादी की खुशियों के बीच मातम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाटन थाना क्षेत्र के अंगरा गांव निवासी विकास उरांव (24 वर्ष) अपने दो दोस्तों के साथ एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर चैनपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान कुडुवा और किशुनपुर के बीच बाइक चालक ने नियंत्रण खो दिया और मोटरसाइकिल सड़क पर ही पलट गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ दिया दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों युवकों को तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (MMCH) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद विकास उरांव को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल अन्य दो युवकों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों घायल अब खतरे से बाहर हैं।
परिजनों को सौंपा गया शव
बुधवार सुबह एमएमसीएच पुलिस कैंप की प्रक्रिया के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सुबह करीब 10 बजे मृतक का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया। विकास की मौत की खबर सुनते ही अंगरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

