29 C
Kolkata
Wednesday, April 29, 2026

घर से बुलाकर बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या, सिर में सटाकर मारी गोली; जमीन विवाद का शक

पलामू । झारखंड के पलामू जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के कर्मा गांव में अपराधियों ने मंगलवार की देर रात 65 वर्षीय बुजुर्ग राजमुनी पाठक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।

सोते समय बाहर बुलाया, 200 मीटर दूर ले जाकर मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार, राजमुनी पाठक मंगलवार रात अपने घर में सो रहे थे। तभी कुछ अनजान लोग उनके घर पहुंचे और किसी बहाने से उन्हें बाहर बुलाया। अपराधी उन्हें घर से करीब 200 मीटर दूर सुनसान जगह पर ले गए और उनके सिर में सटाकर गोली मार दी। रात में घर से निकलने के बाद वे वापस नहीं लौटे। बुधवार सुबह घर से कुछ दूरी पर उनका लहूलुहान शव बरामद हुआ। घटना के समय घर पर उनकी पत्नी अकेली थी, जबकि उनके दोनों बेटे बाहर रहकर नौकरी करते हैं।

पिपराटांड़ थाना प्रभारी निलेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद की बात सामने आ रही है। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि राजमुनी पाठक का पांकी इलाके के कुछ लोगों के साथ काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस हर संभावित बिंदु पर अनुसंधान कर रही है ताकि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान की जा सके।

गांव में भारी भीड़ और तनाव
हत्या की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि अपराधियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख