30 C
Kolkata
Monday, April 27, 2026

वाराणसी को मिलेगा 6332 करोड़ की सौगात: PM मोदी करेंगे 163 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

वाराणसी | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के विकास को एक नई ऊंचाई देने के लिए तैयार हैं। कल, यानी 28 अप्रैल को पीएम मोदी बरेका (BLW) के विशाल मैदान से वाराणसी के लिए 6,332 करोड़ रुपये की कुल 163 परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस कार्यक्रम को लेकर काशी के भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

परियोजनाओं का पूरा ब्योरा
प्रधानमंत्री के इस दौरे में विकास कार्यों की झड़ी लगने वाली है:
लोकार्पण: लगभग 1,054 करोड़ रुपये की 50 परियोजनाओं का जनता को समर्पित किया जाएगा।
शिलान्यास: करीब 5,277 करोड़ रुपये की 113 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी।

इन परियोजनाओं में नगर निगम का नया कार्यालय भवन, रेलवे रोड ब्रिज, अस्सी घाट स्थित पार्क का विकास, और दीनदयाल अस्पताल का विस्तार शामिल है। साथ ही, शहर में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति और 100 बेड वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण भी विकास के नए आयाम जोड़ेंगे।

50 हजार महिलाओं से संवाद
विकास परियोजनाओं के साथ-साथ यह दौरा ‘नारी शक्ति’ को समर्पित होगा। प्रधानमंत्री बरेका मैदान से 50,000 स्थानीय महिलाओं और महिला कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

भाजपा की महिला पदाधिकारी साधना वेदांती और पूजा दीक्षित ने बताया कि महिला सम्मेलन को लेकर घर-घर जाकर संपर्क किया जा रहा है। नारी वंदन अधिनियम और महिलाओं के भविष्य को लेकर प्रधानमंत्री का यह संबोधन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री के आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा के दिग्गज नेता मैदान में उतर आए हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल और जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ग्रामीण इलाकों में कमान संभाले हुए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल खुद वाराणसी में मौजूद रहकर तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। महानगर महामंत्री जगदीश त्रिपाठी के अनुसार, प्रधानमंत्री का हर दौरा काशी के लिए विकास की नई लहर लेकर आता है, जिससे कार्यकर्ताओं में जबरदस्त ऊर्जा का संचार हो रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख