पलामू। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के लोहरसिमी गांव में गुरुवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मोपेड सवार दंपती को टक्कर मार दी, जिससे पति की मौत हो गयी, जबकि पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गयी। महिला को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शव का पोस्टमार्टम एमएमसीएच में किया गया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मुनीफ अंसारी (62) एवं उनकी पत्नी मतिमा बीबी (55) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मुनीफ अंसारी अपनी पत्नी मतिमा बीबी का इलाज कराने के लिए मोपेड पर सवार होकर चैनपुर के बुढीवीर गांव आ रहे थे। रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दोनों पति-पत्नी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मुनीफ अंसारी को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि यह ट्रैक्टर ईंट भट्ठे का था। ट्रैक्टर निरंजन कुमार रवि का बताया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रैक्टर को जब्त कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गई है।

