37 C
Kolkata
Thursday, April 23, 2026

4 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार

पूर्वी सिंहभूम । जमशेदपुर में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। बुधवार की रात सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में टाइगर मोबाइल की टीम ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर एक युवक को भारी मात्रा में गांजा के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित के पास से 4 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में अच्छी-खासी कीमत बताई जा रही है।

गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
जानकारी के अनुसार, टाइगर मोबाइल के जवान तबरेज खान को यह पुख्ता जानकारी मिली थी कि सिदगोड़ा के खालसा स्कूल के पास नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप पहुंचने वाली है। सूचना मिलते ही जवान ने सादे लिबास में इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार युवक को संदिग्ध स्थिति में देखा गया।

फिल्मी अंदाज में हुआ पीछा
जब पुलिस ने युवक को रुकने का इशारा किया, तो वह भागने लगा। पुलिस की टीम ने हार नहीं मानी और उसका पीछा शुरू किया। आरोपित ने भागने की पूरी कोशिश की, लेकिन अंततः पुलिस ने उसे घेर लिया। स्थिति को बिगड़ता देख जवान को रिवॉल्वर तानी पड़ी, जिसके बाद आरोपित को काबू में किया गया। इस भाग-दौड़ और हल्की धक्का-मुक्की में जवान तबरेज खान को मामूली चोटें भी आईं।

आरोपित की पहचान और बरामदगी
गिरफ्तार युवक की पहचान मनीष मुखी उर्फ बिट्टू मुखी के रूप में हुई है, जो बागबेड़ा का निवासी है। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली, तो बाइक से करीब 4 किलो गांजा बरामद हुआ।

पुलिस की जांच जारी
सिदगोड़ा थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद ने बताया कि “आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि मनीष यह खेप कहां से लाया था और शहर में उसके संपर्क किन-किन लोगों से हैं। नशे के खिलाफ यह जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।”

Related Articles

नवीनतम लेख