नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को भारत निर्वाचन आयोग से मुलाकात कर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ खरगे द्वारा की गई “आतंकवादी” वाली टिप्पणी को लेकर उन पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है ऐसी भाषा: किरेन रिजिजू
चुनाव आयोग से मुलाकात के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मीडिया से कहा कि एक राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष द्वारा देश के प्रधानमंत्री के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना न केवल निंदनीय है, बल्कि लोकतंत्र के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री को ‘आतंकवादी’ कहना एक गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है और ऐसी राजनीति पहले कभी नहीं देखी गई।
भाजपा की मुख्य मांगें:
मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस पार्टी और मल्लिकार्जुन खरगे इस आपत्तिजनक बयान के लिए सार्वजनिक रूप से देश की जनता से माफी मांगें।
भाजपा ने इस संबंध में मंगलवार को भी चुनाव आयोग को पत्र लिखकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। आयोग ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कदम उठाए जाएंगे।

