33 C
Kolkata
Saturday, April 18, 2026

धनबाद में खूनी खेल: मेयर संजीव सिंह के करीबी शुभम यादव की घर में घुसकर हत्या, तीन गोलियों से छलनी किया

धनबाद: कोयलांचल की धरती एक बार फिर गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी है। जिले के सोनारडीह थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने जनता मजदूर संघ के नेता और पूर्व मेयर संजीव सिंह के कट्टर समर्थक शुभम यादव की बेरहमी से हत्या कर दी। अपराधियों ने इस दुस्साहसिक वारदात को शुभम के घर में घुसकर अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।

दादा-दादी के सामने बरसाईं गोलियां

मिली जानकारी के अनुसार, शुभम यादव घटना के वक्त अपने घर पर दादा-दादी के साथ थे। तभी बाइक पर सवार होकर आए नकाबपोश अपराधियों ने घर में धावा बोल दिया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, अपराधियों ने शुभम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। शुभम को शरीर के अलग-अलग हिस्सों में तीन गोलियां लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में तोड़ा दम, समर्थकों का भारी हंगामा

गोलीबारी की आवाज सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों और परिजनों ने लहूलुहान शुभम को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में अशर्फी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शुभम की मौत की खबर मिलते ही मेयर संजीव सिंह अस्पताल पहुँचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। उनकी मौत के बाद समर्थकों में भारी आक्रोश है और अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई है।

जांच में जुटी पुलिस की टीम

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ग्रामीण एसपी कपिल और नगर एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुँचकर घटना की जानकारी ली और परिजनों को भरोसा दिलाया कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख