30.1 C
Kolkata
Tuesday, June 9, 2026

पश्चिम बंगाल में हिंगलगंज के बीएसएफ कैंप में लगी आग, एक जवान की हुई मौत

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में उत्तर 24 परगना जिले के बसिरहाट महकमे के हिंगलगंज थाना क्षेत्र के बड़ा बांकड़ा इलाका स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कैंप में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। यह कैंप बीएसएफ की 77वीं बटालियन का है, जहां आग लगने से पूरे परिसर में अफरा तफरी मच गई।

आग कैंप के उस कमरे में लगी जहां नदी मार्ग से गश्त के लिए इस्तेमाल होने वाली नावों का ईंधन रखा गया था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग लगने के समय जवान राम सिंह कमरे के अंदर मौजूद थे। वहां से बाहर नहीं निकल पाने से उनकी मौत हो गई।

आग लगते ही कुछ ही मिनटों में काले धुएं ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं के कारण आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और लोग बाल्टी से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश में जुट गए, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी।

सूचना मिलने पर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। बाद में लभुबहाल क्षेत्र से अतिरिक्त दमकल वाहन भी बुलाया गया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया।

आग पर काबू पाने के बाद जब अंदर तलाशी ली गई तो जवान राम सिंह का शव बरामद किया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है।

 

Related Articles

नवीनतम लेख