29 C
Kolkata
Saturday, April 18, 2026

ईरान-अमेरिका युद्ध पर आज होगा बड़ा फैसला! पेंटागन की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर दुनिया की नजर, पाकिस्तान बना मध्यस्थ

वाशिंगटन/तेहरान । मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच आज का दिन बेहद निर्णायक साबित हो सकता है। अमेरिका आज शाम ईरान युद्ध को लेकर अपने अगले कदम की घोषणा करने जा रहा है। पेंटागन में होने वाली इस हाई-प्रोफाइल प्रेस कॉन्फ्रेंस से पूरी दुनिया को किसी चौंकाने वाले फैसले की उम्मीद है।

आज शाम 5:30 बजे अमेरिका खोलेगा पत्ते
अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) के अनुसार, रक्षा सचिव पीट हेगसेथ और ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन आज भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे मीडिया को संबोधित करेंगे।

ईरान के साथ दो सप्ताह के संघर्ष विराम (सीजफायर) के दौरान यह ब्रीफिंग हो रही है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी युद्ध के जल्द खत्म होने और एक संभावित समझौते के संकेत दिए हैं।

शांति दूत बना पाकिस्तान: इस्लामाबाद में हो सकती है अगली वार्ता
एक तरफ युद्ध की आहट है, तो दूसरी तरफ शांति की कोशिशें तेज हो गई हैं। पाकिस्तान इस समय अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर तेहरान पहुंच चुके हैं और ईरानी अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं। पाक पीएम शहबाज शरीफ ने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात कर तनाव कम करने के प्रयासों पर चर्चा की है। व्हाइट हाउस के अनुसार, शांति वार्ता का अगला दौर फिर से पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आयोजित किया जा सकता है।

ईरान की जवाबी धमकी
शांति वार्ता के बीच तनाव बरकरार है। अमेरिका ने समुद्र के रास्ते ईरान की आर्थिक नाकेबंदी का दावा किया है। इसके जवाब में ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर उसके बंदरगाहों पर पाबंदी जारी रही, तो वह मध्य-पूर्व के अन्य महत्वपूर्ण जलमार्गों (Waterways) को पूरी तरह ठप कर देगा।

अब सबकी नजरें शाम को होने वाली पेंटागन की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि क्षेत्र में शांति होगी या संघर्ष और गहराएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख