न्यूयॉर्क/तेहरान । युद्ध की मार झेल रहे ईरान में आम नागरिकों की बदहाली को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र (UN) ने मदद का हाथ बढ़ाया है। संयुक्त राष्ट्र ने ईरान के लिए 12 मिलियन डॉलर (करीब 100 करोड़ रुपये) की आपातकालीन मानवीय सहायता जारी करने की घोषणा की है।
खराब बुनियादी ढांचे को मिलेगा सहारा
संयुक्त राष्ट्र के राहत प्रमुख टॉम फ्लेचर के अनुसार, पिछले 40 दिनों से जारी संघर्ष ने ईरान में भारी तबाही मचाई है। युद्ध में हजारों नागरिकों की जान गई है और बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं। अस्पतालों और चिकित्सा सेवाओं पर भारी दबाव है, जिसे देखते हुए यह फंड जीवन रक्षक साबित होगा।
विस्थापितों तक पहुँचेगी मदद
यह सहायता राशि विभिन्न साझेदार संगठनों के माध्यम से सीधे जमीनी स्तर पर खर्च की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य है, प्रभावित लोगों तक भोजन और स्वच्छ पानी पहुँचाना। युद्ध के कारण घर छोड़ने वाले विस्थापितों को आश्रय और चिकित्सा सहायता देना। गंभीर रूप से प्रभावित इलाकों में आवश्यक सेवाओं को बहाल करना।
मानवीय संकट गहराने की चेतावनी
संयुक्त राष्ट्र ने आगाह किया है कि संघर्ष के चलते हालात हर बीतते दिन के साथ जटिल होते जा रहे हैं। यदि जल्द ही कोई स्थायी समाधान नहीं निकला, तो मानवीय संकट और भी भयावह रूप ले सकता है। राहत एजेंसियों का कहना है कि वर्तमान में बड़ी संख्या में लोग विस्थापन का दंश झेल रहे हैं और उन्हें तत्काल विदेशी मदद की आवश्यकता है।

