29 C
Kolkata
Tuesday, April 14, 2026

छत्तीसगढ़ के सक्ती में वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट में 9 मजदूरों की मौत, कई गंभीर

सक्ती । छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को दोपहर बाद बॉयलर में हुए जोरदार ब्लास्ट में अब तक 9 मजदूरों की मौत हो गई है जबकि कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि 3 मजदूरों की मौत मौके पर ही हो गई थी जबकि 6 मजदूरों ने अस्पताल में दम तोड़ा। इस हादसे में 18 घायलों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल भेजा गया था, जहां 6 मजदूरों ने दम तोड़ दिया। बाकी 12 घायलों की हालत गंभीर है। सभी मजदूर 80 प्रतिशत झुलसे बताए जा रहे हैं। यह घटना सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र की है।

बताया गया कि सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में रोजाना की तरह सामान्य काम चल रहा था। इस दौरान दोपहर बाद करीब 2 बजे अचानक बॉयलर में ब्लास्ट हो गया, जिससे 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। इससे प्लांट में अफरा तफरी और चीख पुकार मच गयी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। तुरंत ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

बताया जा रहा है कि बॉयलर का ट्यूब फटने से यह हादसा हुआ है। रायगढ़ के अलावा 11 घायलों को खरसिया के पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजनों ने हंगामा कर दिया। वे घायलों से मिलने देने की मांग कर रहे हैं। मौके पर एडिशनल एसपी सहित भारी पुलिस बल मौजूद है। सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो भी प्लांट पहुंच चुके हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दु:ख जताया है। उन्होंने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, “पीड़ितों के लिए उचित मुआवजे और घायलों के उपचार की व्यवस्था की जाए।”

श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने इस हादसे के तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार दोषियों पर श्रम कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मंत्री ने घायलों के समुचित इलाज और मृतकों के परिजनों को शासन के प्रावधानों के अनुसार मुआवजा देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।

Related Articles

नवीनतम लेख