पलामू। पलामू जिले के रामगढ़ थाना अंतर्गत हुटार में एक बड़ी आपराधिक घटना सामने आई है। बरवाडीह मस्जिद मोहल्ला निवासी
और हुटार प्रज्ञा केंद्र संचालिका शमा प्रवीण से अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर लूटपाट की और उन्हें गोली मारकर घायल कर दिया।
घटना सोमवार सुबह 11 बजे के आस पास हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने प्रज्ञा केंद्र संचालिका से करीब 3 लाख नगद और लैपटॉप लूट लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने महिला के पैर में गोली मार दी, वहीं उनके पति को बंदूक के बट से मारकर घायल कर दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल दंपति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरवाडीह में भर्ती कराया गया।
यहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों पति-पत्नी को इलाज के लिए एमआरएमसीएच लाया गया है। महिला के पैर में दो गोली लगी है।
सूचना मिलते ही बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार, जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर, बीस सूत्री अध्यक्ष नसीम अंसारी तथा विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
इधर रामगढ़ थाना पुलिस भी घटना की जांच में जुटी है लुटेरों की संख्या दो थी। एक हेलमेट पहना हुआ था, जबकि दूसरे ने अपने चेहरे को कपड़े से बांध रखा था। अपराधी बाइक से प्रज्ञा केंद्र संचालिका और उनके पति इसराफिल का पीछा करते हुए आए और उनकी मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर रोका और घटना को अंजाम दिया।
लूटपाट के क्रम में अपराधियों का विरोध करने पर 6 से 7 राउंड गोली चलने की जानकारी दी गई है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में सनसनी के साथ-साथ आक्रोश बना हुआ है।

