35 C
Kolkata
Monday, May 25, 2026

जयशंकर से मुलाकात में बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने किया डीज़ल-उर्वरक आपूर्ति बढ़ाने का अनुरोध

नई दिल्ली । बांग्लादेश की नई सरकार के विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान ने अपने पहले भारत दौरे में बुधवार को विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर से मुलाकात की। इस दौरान जयशंकर ने संबंधों को और मजबूत करने की भारत की इच्छा को दोहराया। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में उम्मीद जताई कि इसके बाद की आधिकारिक बैठकें जल्द ही आयोजित की जाएंगी। वहीं बैठक के दौरान मेहमान नेता ने भारत से डीज़ल-उर्वरक आपूर्ति बढ़ाने का अनुरोध किया है।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि विदेश मंत्री जयशंकर ने बुधवार को नई दिल्ली में बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ. खलीलुर रहमान से मुलाकात की। इस बैठक में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर भी उपस्थित थे। इस दौरान जयशंकर ने नई सरकार के साथ रचनात्मक रूप से जुड़ने और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की भारत की इच्छा को दोहराया। दोनों पक्ष संबंधित द्विपक्षीय तंत्रों के माध्यम से साझेदारी को गहरा करने के प्रस्तावों पर विचार करने पर सहमत हुए। इसके अलावा दोनों पक्षों ने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

अपनी यात्रा के दौरान विदेश मंत्री रहमान ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भी मुलाकात की।

बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि चर्चा के दौरान विदेश मंत्री जयशंकर ने आने वाले हफ़्तों में बांग्लादेशियों के लिए भारतीय वीज़ा, विशेष रूप से मेडिकल और बिज़नेस वीज़ा प्राप्त करने की प्रक्रिया को आसान बनाने की बात कही है।

मंत्री हरदीप पुरी से मुलाकात के दौरान डॉ. रहमान ने बांग्लादेश को डीज़ल की आपूर्ति के लिए भारत का धन्यवाद दिया और डीज़ल तथा उर्वरक की आपूर्ति की मात्रा बढ़ाने का अनुरोध किया। मंत्री पुरी ने संकेत दिया कि भारत सरकार इस अनुरोध पर तत्परता से और सकारात्मक रूप से विचार करेगी।

वक्तव्य में कहा गया है कि डॉ. रहमान ने शहीद उस्मान हादी के संदिग्ध हत्यारों को गिरफ़्तार करने के लिए भारत सरकार को धन्यवाद दिया। दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि गिरफ़्तार किए गए व्यक्तियों को दोनों देशों के बीच हुई प्रत्यर्पण संधि में निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार बांग्लादेश को सौंप दिया जाएगा। साथ ही बांग्लादेशी पक्ष ने शेख हसीना के प्रत्यर्पण के अपने अनुरोध को भी दोहराया है।

उल्लेखनीय है कि शेख हसीना की सरकार के तख्तापलट के बाद हुए चुनाव में बीएनपी नेता तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश में नई सरकार सत्ता में आई है।

Related Articles

नवीनतम लेख