21 C
Kolkata
Wednesday, April 8, 2026

MGM अस्पताल की पाइपलाइन बिछाने को लेकर हंगामा, घरों के कनेक्शन टूटने से मचा बवाल

जमशेदपुर । मानगो के शंकोसाई रोड नंबर-1 में एमजीएम अस्पताल के लिए बिछाई जा रही पानी की पाइपलाइन के काम ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। पाइपलाइन बिछाने के दौरान कई घरों के घरेलू कनेक्शन क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे पिछले चार दिनों से इलाके में पानी का गंभीर संकट पैदा हो गया। मंगलवार देर रात आक्रोशित लोगों ने काम रुकवाकर जमकर हंगामा किया।

विकास सिंह ने रुकवाया काम, संवेदक को लगाई फटकार
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ठेकेदार (संवेदक) टूटे हुए पाइपों की मरम्मत किए बिना ही जबरन काम आगे बढ़ा रहा था। सूचना मिलने पर भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक जनता के क्षतिग्रस्त पाइप ठीक नहीं होंगे, काम आगे नहीं बढ़ेगा। उन्होंने संवेदक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी भी दी।

पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ मामला
देर रात मौके पर पुलिस और प्रशासनिक टीम पहुंची। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पहले मरम्मत का कार्य किया जाएगा, जिसके बाद काम को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। बुधवार सुबह नगर निगम के अभियंता इंजीनियर जलालुद्दीन अपनी टीम के साथ पहुंचे और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कराया।

टैंकर से पानी की आपूर्ति, स्थिति सामान्य
लोगों की प्यास बुझाने के लिए प्रशासन ने तत्काल पानी के टैंकर उपलब्ध कराए हैं। वार्ड पार्षद जितेंद्र साहू और रवि गोराई की निगरानी में फिलहाल पाइपों को जोड़ने का काम चल रहा है। विकास सिंह ने स्पष्ट किया कि “लोगों को संकट में डालकर कोई भी विकास कार्य नहीं होने दिया जाएगा।” फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में है।

Related Articles

नवीनतम लेख