जमशेदपुर । जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने क्षेत्र में विकास कार्यों की कछुआ चाल पर कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त (DC) को पत्र लिखकर उन्होंने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) और मानगो नगर निगम में लंबित पड़ी योजनाओं को अविलंब शुरू कराने की मांग की है। राय ने इसे “गंभीर प्रशासनिक शिथिलता” करार दिया है।
शिलान्यास के बावजूद काम ठप
विधायक ने अपने पत्र में आंकड़ों के साथ विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं, जिला योजना चयन समिति से स्वीकृत 50 योजनाओं का निविदा निष्पादन पूरा हो चुका है। 14 मार्च 2026 को इनका शिलान्यास भी किया गया, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं हुआ। यहाँ 81 योजनाएं ऐसी हैं जिनका शिलान्यास 30 दिसंबर 2025 को ही हो चुका है, फिर भी धरातल पर काम शून्य है।
करोड़ों की योजनाएं प्रशासनिक स्वीकृति के इंतजार में
सरयू राय ने बताया कि बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी लगभग 3 करोड़ 32 लाख 47 हजार रुपये की पांच महत्वपूर्ण योजनाएं तकनीकी स्वीकृति मिलने के बाद भी फाइल में दबी हैं। ये योजनाएं फिलहाल नगर विकास विभाग में प्रशासनिक स्वीकृति के लिए लंबित हैं।
“जनता से जुड़े बुनियादी विकास कार्यों में इस तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जा सकती। शिलान्यास के बाद काम शुरू न होना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।” — सरयू राय, विधायक
जल्द कार्रवाई की मांग
विधायक ने उपायुक्त से आग्रह किया है कि वे व्यक्तिगत रुचि लेकर संबंधित विभागों को निर्देशित करें। उन्होंने मांग की है कि सभी लंबित योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति जल्द दिलाई जाए और जिनका शिलान्यास हो चुका है, उनका निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू कराया जाए ताकि स्थानीय निवासियों को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।

