23 C
Kolkata
Tuesday, April 7, 2026

राखा कॉपर कॉलोनी में 80 वर्षीय वृद्ध की धारदार हथियार से हत्या

पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका क्षेत्र अंतर्गत राखा कॉपर कॉलोनी में एक 80 वर्षीय वृद्ध की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान यूसील कर्मी के पिता रतन बहादुर श्रेष्ठ के रूप में हुई है। उनका खून से लथपथ शव मंगलवार सुबह पुराने नर्सरी स्कूल परिसर से बरामद किया गया।

पुलिस औ परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रतन बहादुर श्रेष्ठ सोमवार रात किसी काम से जादूगोड़ा से राखा कॉलोनी आए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने नर्सरी स्कूल परिसर में एक वृद्ध व्यक्ति का शव देखा। शव पर गंभीर चोट के निशान थे और आसपास खून फैला हुआ था, जिससे हत्या की आशंका जताई गई।

घटनास्थल से एक घायल महिला भी मिली, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। स्थानीय लोगों ने तुरंत जादूगोड़ा थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की जांच का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर प्रीतम राज कर रहे हैं, जिन्होंने दल-बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने घायल महिला को अपने संरक्षण में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि घटना के कारणों और हमलावरों के बारे में जानकारी मिल सके। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस हत्या से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने जल्द से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख