खूंटी। जरियागढ़ थाना की पुलिस ने क्षेत्र में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात कर्रा-कमडारा रोड पर छापेमारी कर दो पिकअप वैन से 18 गोवंशीय पशुओं को मुक्त कराया।
इस दौरान एक बैल की मौत गाड़ी में ही हो गई, जिसे पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दफना दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से पशु तस्करों में हड़कंप मच गया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर सभी तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, जरियागढ़ पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कर्रा-कमडारा रोड के रास्ते अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रात में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इसी क्रम में संदिग्ध स्थिति में जा रही दो पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों में कुल 18 गोवंशीय पशु ठूंसे हुए पाए गए, जिन्हें अमानवीय तरीके से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई हुई करते हुए सभी पशुओं को अपने कब्जे में लेकर तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। जब्त किए गए पशुओं को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उनके भोजन-पानी और देखभाल की समुचित व्यवस्था की गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

