31 C
Kolkata
Monday, April 6, 2026

धनबाद प्लांट हादसा: मरने वालों की संख्या हुई 4, झाड़ियों से मिला एक और शव

धनबाद | पुटकी थाना क्षेत्र के मूनीडीह स्थित बंद पड़े सीपीपी (CPP) प्लांट में हुए भीषण हादसे में मौतों का आंकड़ा बढ़ गया है। पुलिस ने सोमवार को घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों से एक और युवक का शव बरामद किया है, जिसके बाद इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या अब चार हो गई है।

जंगल में मिला वसीम का शव
पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के दौरान पास के जंगल से एक शव मिला है, जिसकी शिनाख्त केंदुआ निवासी वसीम अंसारी के रूप में की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इससे पहले इस घटना में आनंद, संजय यादव और अजहरुद्दीन की मौत की पुष्टि हो चुकी थी।

लोहा चोरी की ‘सनक’ बनी जानलेवा
प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब कुछ युवक बंद पड़े प्लांट में अवैध रूप से लोहा चोरी करने के इरादे से घुसे थे। गैस कटर से पाइप काटने के दौरान अचानक गैस सिलेंडर में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

जहरीली गैस की चपेट में आए जवान और कर्मी
ब्लास्ट के बाद प्लांट के भीतर से जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया। इसकी चपेट में ड्यूटी पर तैनात CISF और BCCL के 5 कर्मी भी आ गए। सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से दो की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

सुरक्षा पर उठे सवाल: मौत के अड्डे बन रहे बंद प्लांट
यह हादसा बंद पड़े औद्योगिक संस्थानों की सुरक्षा और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। बिना किसी सुरक्षा घेरे के ये प्लांट अब अपराधियों और असामाजिक तत्वों के लिए चारागाह बन गए हैं, जो न केवल सरकारी संपत्ति का नुकसान कर रहे हैं बल्कि अपनी जान भी जोखिम में डाल रहे हैं।

प्रशासन के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती इन बंद पड़े प्लांटों को सुरक्षित करना और यह पता लगाना है कि इस अवैध नेटवर्क में और कौन-कौन से सफेदपोश शामिल हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख