हजारीबाग/दारू | रामनवमी शोभायात्रा के दौरान दारू थाना क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की घटना ने अब दुखद मोड़ ले लिया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक गुलाब कुमार की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।
जुलूस के दौरान हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते 27 मार्च को दारू चौक स्थित काली मंदिर के पास हुई थी। रामनवमी जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। आरोपियों ने गुलाब कुमार को घेर लिया और धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद घायल गुलाब को पहले स्थानीय अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया था। बाद में परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहाँ जिंदगी और मौत के बीच जूझते हुए उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस की कार्रवाई: तीन गिरफ्तार, एक हिरासत में
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दारू थाना पुलिस ने छापेमारी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है आकाश कुमार (21 वर्ष), विशाल कुमार (25 वर्ष), मनीष कुमार (17 वर्ष – नाम परिवर्तित), इसके अलावा एक अन्य नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने आपसी विवाद में हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को पहले ही जेल भेज दिया था, वहीं अन्य को भी न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

