30 C
Kolkata
Saturday, April 11, 2026

इंदौर में भीषण सड़क हादसा: बारातियों की कार को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 दोस्तों की मौत, 5 घायल

इंदौर । मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार की रात खुशियां मातम में बदल गईं। आष्टा से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे बारातियों की कार (क्वालिस) को एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। देवगुराड़िया मार्ग पर हुए इस दर्दनाक हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

देर रात ढाई बजे हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कार में कुल 11 लोग सवार थे। रविवार देर रात करीब 2:30 बजे जब कार देवगुराड़िया स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे भूसे से लदे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में इरफान (24), आरिस (20) और फरहान (19) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरफाद (23) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटनास्थल पर भड़का गुस्सा, आगजनी की कोशिश
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को एमवाई (MY) अस्पताल पहुंचाया। इस बीच, घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। आक्रोश इतना अधिक था कि कुछ लोगों ने ट्रक में आग लगाने का प्रयास किया, जिससे इलाके में तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही खुड़ैल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और समझा-बुझाकर यातायात सुचारू कराया।

ओवरटेक के चक्कर में गई जान
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक चालक बेहद तेज रफ्तार में था और ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अचानक ब्रेक लगने से ट्रक सीधे कार में जा घुसा। एएसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया:

“पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है। घायलों का उपचार जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।”

उजड़ गई कई परिवारों की दुनिया
मृतक और घायल सभी एक ही क्षेत्र के रहने वाले थे। जो युवक कुछ घंटों पहले बारात में हंसी-खुशी शामिल हुए थे, उनकी मौत की खबर ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है और घायलों के परिजन उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख