33 C
Kolkata
Saturday, April 11, 2026

आसनसोल: चुनाव के बीच नशा तस्करी का बड़ा खुलासा, बस से 22 किलो से ज्यादा गांजा बरामद

आसनसोल । पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच मादक पदार्थों की तस्करी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। आसनसोल के जुबली मोड़ पर रविवार शाम पुलिस और स्टेटिक सर्विलांस टीम (SST) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बस से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। इस बरामदगी ने पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

लावारिस बैग में मिला 22.4 किलो गांजा
जानकारी के अनुसार, एसएसटी की टीम जुबली मोड़ पर रूटीन नाका चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बोकारो (झारखंड) से आ रही एक बस को तलाशी के लिए रोका गया। बस के अंदर दो संदिग्ध लावारिस बैग मिले। जब इन बैगों को खोला गया, तो पुलिस के होश उड़ गए; इनमें 22.4 किलोग्राम गांजा भरा हुआ था। हालांकि, शातिर तस्कर पुलिस की भनक लगते ही चकमा देकर फरार हो गए, जिसके कारण इस मामले में फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

तस्करी का नया ‘हब’ बनती बसें!
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि तस्कर यात्रियों की भीड़ और समय की कमी का फायदा उठाकर सार्वजनिक बसों को तस्करी का जरिया बना रहे हैं। चूंकि हर यात्री के सामान की गहराई से जांच करने पर आम जनता को असुविधा होती है, तस्कर इसी का लाभ उठाकर नशे की खेप शिल्पांचल इलाके में खपा रहे हैं।

आंकड़ों में तस्करी का काला कारोबार
पिछले एक महीने में आसनसोल और आसपास के इलाकों में नशा तस्करी के कई बड़े मामले सामने आए हैं:

05 अप्रैल: जुबली मोड़ पर बस से 22.4 किलो गांजा बरामद।

26 मार्च: इसी स्थान पर बस से 10 किलो से अधिक गांजा मिला।

25 मार्च: हाटन रोड से 33.8 ग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।

07 मार्च: चौरंगी मोड़ पर 100 ग्राम हेरोइन के साथ चार गिरफ्तार।

स्निफर डॉग्स की ली जाएगी मदद
एसएसटी मजिस्ट्रेट रवि कुमार गुप्ता ने बताया कि झारखंड की सीमा से सटे होने के कारण बसों के जरिए नशे की खेप लाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जाएगी। चुनाव के बाद भी विभिन्न नाकों पर स्निफर डॉग (खोजी कुत्तों) की मदद से सघन तलाशी अभियान जारी रहेगा ताकि अपराधियों पर नकेल कसी जा सके।

Related Articles

नवीनतम लेख