रामगढ़। रामगढ़ जिले में राहुल दुबे गैंग ने लेवी वसूलने के लिए एक बार फिर गोली चलाई है। पतरातू रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य में लगी कंपनी को निशाना बनाया गया है। कंपनी के कार्य स्थल पर अपराधियों की ओर से चलाई गई गोली से एक सुरक्षा गार्ड घायल हुआ है। अपराधियों ने वारदात स्थल पर पर्चा भी फेंका है। इस घटना की पुष्टि करते हुए पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी ने बताया कि घटनास्थल से अपराधियों की ओर से फेंका गया पर्चा और चलाई गई गोली के खोखे बरामद हुए हैं। घायल व्यक्ति सिक्योरिटी गार्ड के रूप में मौजूद था। उसके पेट में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कंपनी के पदाधिकारियों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले भी अपराधियों की ओर से राहुल सिंह के नाम से ही फायरिंग की गई थी। रविवार की रात बाइक पर सवार अपराधियों ने कंपनी के बेस कैंप पर गोलीबारी की। जिसमें सुरक्षा गार्ड घायल हुआ है।
मौके पर पहुंचे पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार, भदानी नगर ओपी प्रभारी मो अख्तर सहित अन्य पुलिसकर्मी अपने स्तर से जांच कर रहे हैं। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल जा रहा है।


