खूंटी/रांची: भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू का दौरा करेंगे। उनके आगमन के मद्देनज़र क्षेत्र में सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। उपराष्ट्रपति भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि देने के लिए बिरसा ओड़ा जाएंगे और उनके परिवारजनों से भेंट करेंगे। उलिहातू और आसपास का इलाका नो फ्लाइंग जोन घोषित दौरे को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी है। अनुमंडल दंडाधिकारी दीपेश कुमारी ने विशेष निर्देश जारी कर उलिहातू और आसपास के क्षेत्रों को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया है। मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान उपराष्ट्रपति बाद में रांची स्थित आईआईएम में संस्थान के 15वें दीक्षांत समारोह में भी भाग लेंगे। समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और सात मेधावी छात्रों को मेडल और डिग्री प्रदान करेंगे। इनमें एमबीए, एमबीए-बीए, एमबीए-एचआरएम, एमबीए-एग्जीक्यूटिव (समर), और एमबीए-एग्जीक्यूटिव (विंटर) के टॉपर्स शामिल हैं। यह कार्यक्रम दोपहर तीन बजे से शुरू होगा। सुरक्षा निर्देश और आयोजन की अपील प्रशासन ने घोषणा की है कि 28 मार्च को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक खूंटी मुख्यालय से मुरहू होते हुए उलिहातू के 200 मीटर के दायरे में ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, और हॉट एयर बैलून उड़ाने पर पूर्ण रोक रहेगी। यह इलाका ड्रोन रूल्स 2021 एवं डिजिटल स्काई पोर्टल के तहत रेड जोन में आता है, जिससे बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों एवं स्थानीय निवासियों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से सफल बनाने में सहयोग करें।

