रांची: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (आईआईएम), रांची के छात्रों के लिए 28 मार्च का दिन बेहद खास है, क्योंकि संस्थान आज अपना 15वां दीक्षांत समारोह मना रहा है। इस खास अवसर पर देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और मेधावी छात्रों को सम्मानित करेंगे। समारोह का आयोजन दोपहर तीन बजे से पुंदाग स्थित कैंपस में होगा। इस दौरान उपराष्ट्रपति उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सात छात्रों को मेडल और डिग्री प्रदान करेंगे। इनमें पांच टॉपर छात्र सत्र 2024-26 के एमबीए, एमबीए-बीए, एमबीए-एचआरएम, एमबीए-एग्जीक्यूटिव (समर) और एमबीए-एग्जीक्यूटिव (विंटर) कार्यक्रमों से संबंधित हैं। इसके अलावा, समारोह के दौरान दो छात्रों को विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें स्टूडेंट सिटिजनशिप अवॉर्ड और प्रोफेसर आशीष हाजेला अवॉर्ड शामिल हैं। आईआईएम रांची के एक अन्य प्रमुख उपलब्धि के तौर पर, देश के पहले बी-स्कूल वर्चुअल रियलिटी केस रिपॉजिटरी का उद्घाटन भी उपराष्ट्रपति करेंगे। आईआईएम रांची की स्थापना 15 दिसंबर 2009 को हुई थी, जो देश का नौवां भारतीय प्रबंधन संस्थान है। अपनी स्थापना के शुरुआती वर्षों में यह सूचना भवन से संचालित होता था, लेकिन बाद में इसे रांची के पुंदाग में स्थित कैंपस मिला। यहां एमबीए (कोर), एमबीए-एचआरएम, एमबीए-बिजनेस एनालिटिक्स और पाँच वर्षीय एकीकृत प्रबंधन कार्यक्रम (आईपीएम) की पढ़ाई कराई जाती है। इस वर्ष के दीक्षांत समारोह में संस्थान द्वारा कुल 558 छात्रों को डिग्री प्रदान की जाएगी। इन छात्रों में पीएचडी कार्यक्रम के 26, पीएचडी (एग्जीक्यूटिव) के 11, एमबीए के 251, एमबीए–एचआरएम के 62, एमबीए–बीए के 50, एमबीए (एग्जीक्यूटिव) के 50, आईपीएम (बीबीए+एमबीए) 2021-26 बैच के 73 और आईपीएम (बीबीए) 2022-25 बैच के 35 छात्र शामिल हैं।

