रांची: हजारीबाग के बिष्णुगढ़ प्रखंड में एक 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले ने राज्य में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटनाक्रम पर भाजपा ने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए इसे शासन की विफलता करार दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस जघन्य अपराध की निंदा करते हुए दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने घोषणा की है कि वे 27 मार्च को सुबह 11 बजे बिष्णुगढ़ जाकर पीड़ित परिवार से भेंट करेंगे। मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष साहू ने कहा कि इस निर्मम घटना ने पूरे समाज को हिलाकर रख दिया है। उन्होंने इसे सिर्फ एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था की गिरावट और सरकार की संवेदनहीनता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि जहां नवरात्र जैसे पवित्र त्योहार पर बेटियों की पूजा हो रही है, उसी समय एक मासूम बच्ची के साथ हुई यह दरिंदगी साबित करती है कि अपराधियों को पुलिस और प्रशासन का कोई डर नहीं है। साहू के अनुसार, राज्य में अपराधी बेखौफ हैं, जबकि प्रशासन अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़े हुए है। उन्होंने सवाल उठाया कि अपराधों का सिलसिला आखिर कब थमेगा और निर्दोष लोगों की सुरक्षा कब सुनिश्चित होगी? इस घटना को लेकर उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना होगा कि प्रदेश में कानून का पालन कब बहाल होगा। साहू ने जेएमएम सरकार पर आरोप लगाया कि कांग्रेस के समर्थन से बनी वर्तमान सरकार में राज्य का प्रशासन पूरी तरह चरमरा गया है। हालात यहां तक पहुंच गए हैं कि महिलाओं का घर से बाहर निकलना तक असुरक्षित हो गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पीड़ित परिवार से मिलने के बाद पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी। साथ ही उन्होंने यह भरोसा दिलाया कि भाजपा ऐसी घटनाओं के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाती रहेगी और लोगों के न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी।


