रांची | राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित ‘हैंडलूम एवं सरस मेले’ में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के दौरान बिजली के तार की चपेट में आने से एक दुकानदार की मौत हो गई, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मेले को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है।
कैसे हुआ हादसा?
घटना गुरुवार शाम की है जब रांची में अचानक मौसम बदला और आंधी के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय मो. जुनैद के रूप में हुई है, जो बिहार के भागलपुर के रहने वाले थे और मेले में हैंडलूम का स्टॉल लगाया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेले के परिसर में बिजली के तार जमीन पर बिछी मैट के नीचे से ले जाए गए थे। बारिश के कारण मैट गीली थी, और जैसे ही जुनैद स्टॉल के पास खड़े हुए, वे करंट की चपेट में आ गए। आनन-फानन में उन्हें रांची के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के तुरंत बाद प्रशासनिक टीम और पुलिस हरकत में आई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मेला परिसर की बिजली काट दी गई और आयोजन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। लालपुर थाना प्रभारी रूपेश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है कि आखिर सुरक्षा मानकों में चूक कैसे हुई।
बारिश के समय मेले में काफी भीड़ थी, करंट लगने की घटना के बाद वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी।


