पूर्वी सिंहभूम। शहर के औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार की रात एक ठेका कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद बुधवार की सुबह परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतक की पहचान बर्मामाइन्स निवासी सत्यनारायण निशाद (48 ) के रूप में हुई है, जो टाटा स्टील में ठेका के तहत कार्यरत थे।
मिली जानकारी के अनुसार सत्यनारायण निशाद की ड्यूटी दिन 2 बजे से रात 10 बजे तक थी। ड्यूटी समाप्त कर जैसे ही वे कंपनी गेट के बाहर निकले, अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने तत्काल इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन को दी। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों का आरोप है कि मृतक के साथ काम करने वाली कंपनी और ठेकेदार की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। बुधवार की सुबह ठेकेदार द्वारा परिवार को सहयोग और उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन सुबह 9:30 बजे तक ठेकेदार के नहीं पहुंचने से परिजनों का गुस्सा भड़क गया।
नाराज परिजनों ने साफ कहा कि यदि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और सहायता नहीं मिली, तो वे कंपनी गेट पर प्रदर्शन और जाम करेंगे। मौके पर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन की नजर बनी हुई है।
बताया जाता है कि सत्यनारायण निशाद ठेका कंपनी के माध्यम से काम कर रहे थे और उनके पास वैध वर्कर पास भी था। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर चक्कर आकर गिरने से मौत की बात सामने आ रही है। पुलिस और कंपनी प्रबंधन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।


