धनबाद नगर निगम के चुनाव परिणामों ने न केवल राज्य की सत्ताधारी और विपक्षी पार्टियों को चौंका दिया है, बल्कि झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह की जबरदस्त वापसी पर मुहर लगा दी है। संजीव सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 लाख 14 हजार 362 वोट हासिल किए और नए मेयर निर्वाचित घोषित किया गया। मतगणना के पहले राउंड से ही संजीव सिंह ने बढ़त बना ली थी। उन्हें पहले राउंड में 15,791 वोट मिले. दूसरे राउंड में 12,586 और तीसरे में 12,506 मत प्राप्त हुए।
चौथे और पांचवें राउंड में भी क्रमश: 13,193 और 13,128 वोट पाकर उन्होंने अपनी स्थिति मजबूत रखी। छठे और सातवें राउंड में 12,539 और 13,189 मत मिले। आठवें राउंड में 11,799, नौवें में 7,562 और अंतिम दसवें राउंड में 2,069 वोट के साथ उन्होंने निर्णायक बढ़त कायम रखी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी JMM समर्थित चंद्रशेखर अग्रवाल को 31,902 मतों के अंतर से पराजित किया। चंद्रशेखर अग्रवाल को कुल 82,460 वोट मिले। बीजेपी समर्थित प्रत्याशी संजीव कुमार चौथे स्थान पर रहे।


