30 C
Kolkata
Wednesday, April 15, 2026

विधानसभा में उठा बायो मेडिकल वेस्ट निष्पादन का मुद्दा, धनबाद की एजेंसी पर कार्रवाई के निर्देश

रांची । झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के आठवें दिन शुक्रवार को राज्य के विभिन्न जिलों, विशेषकर धनबाद में बायो मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट की कमी और कचरे के समय पर निष्पादन नहीं होने का मामला सदन में जोर-शोर से उठाया गया।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के विधायक चंद्रदेव महतो ने प्रश्न उठाते हुए कहा कि जिन जिलों में बायो मेडिकल वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित हैं, वहां भी कचरे का समय पर निष्पादन नहीं हो रहा है। उन्होंने विशेष रूप से धनबाद का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि वहां कार्यरत एजेंसी अपनी जिम्मेदारी सही ढंग से नहीं निभा रही है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज अधीक्षक द्वारा एजेंसी के खिलाफ शिकायत किए जाने की जानकारी भी सदन में दी।

इस पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि राज्य के छह जिलों में बायो मेडिकल वेस्ट निष्पादन प्लांट संचालित हैं और आने वाले समय में अन्य प्रमुख अस्पतालों में भी ऐसे प्लांट स्थापित किए जाएंगे।

मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विधायक चंद्रदेव महतो ने धनबाद की संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी हस्तक्षेप करते हुए कहा कि जब मामला सदन में उठ चुका है तो सरकार को ठोस कदम उठाना चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सदन को आश्वस्त किया कि धनबाद में बायो मेडिकल वेस्ट निष्पादन का कार्य कर रही एजेंसी की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख