- 401 निशान बाबा श्याम को अर्पित, भक्ति से सराबोर रहा शहर
- डोरी खेंच के राखिजे, यो हे बाबा को निशान, पैदल चालणिये के सागे चाले बाबो श्याम जैसे भजनों पर झूमते रहे भक्तगण
रांची | श्री श्याम संघ, राँची द्वारा आयोजित फाल्गुन महोत्सव श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। प्रातः 8 बजे स्थानीय श्री राधा वल्लभ मंदिर जी,अपर बाजार से भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई। मुख्य यजमान श्री उमेश अग्रवाल एवं उनके परिवार ने गणेश पूजन के साथ निशान पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
निशान यात्रा जे.जे. रोड, शहीद चौक, कुंजलाल स्ट्रीट, मारवाड़ी टोला, ईस्ट मार्केट रोड एवं कार्ट सराय रोड होते हुए श्याम मंदिर,अग्रसेन पथ पहुँची, जहाँ 401 श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम को पावन निशान अर्पित किए। आशीष अग्रवाल,मनोज काबरा के भक्तिमय भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे। हजारीबाग से आए ताशा पार्टी के साज-बाज ने शोभायात्रा को और भी आकर्षक बना दिया।
बाबा के मुख्य रथ पर संघ के अध्यक्ष कमलेश संचेती, हरेंद्र अग्रवाल, अनिल लोहिया एवं संजय सुरेका उपस्थित थे। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने शोभायात्रा का स्वागत कर बाबा श्याम की आरती उतारी।
संध्या 7 बजे विकास परशुरामपुरिया एवं उनकी धर्मपत्नी नेहा परशुरामपुरिया ने अखंड ज्योत प्रज्वलित की। पटना से पधारी भजन गायिका अर्चना गोस्वामी ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिससे मंदिर परिसर देर रात तक भक्तों से भरा रहा।
इस अवसर पर बाबा का भव्य श्रृंगार, नयनाभिराम झांकी, अखंड ज्योत, सवामनी, छप्पन भोग महाप्रसाद एवं फूलों-रंग गुलाल की होली का आयोजन किया गया। रात्रि में खीर-चूरमा सहित विविध व्यंजनों का भोग अर्पित कर महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कमलेश संचेती, अनिल लोहिया,हरेंद्र अग्रवाल,मनोज काबरा, संजय सुरेका,आशीष अग्रवाल,विनायक पोद्दार,आकाश शर्मा, सौरभ कटारुका, सुमित अग्रवाल,सौरभ बथवाल, अभिषेक चौधरी, मुकेश कटारुका, ललित शर्मा,रवि अग्रवाल, भगवती हेतमसरिया, बिमल खूटेटा एवं प्रदीप खोवाल सहित अनेक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
श्री श्याम संघ ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।


